गाजीपुर इलाके में बुधवार रात को बाइक सवार बदमाशों ने मामूली बात पर डेरी कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त शमीम आलम (35) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बदमाश शमीम से गांजा बेचने वाले का पता पूछ रहे थे। मना करने पर बदमाशों ने गोली मार दी।
बदमाशों ने उसके छह साल के बेटे के सामने ही वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद से ही बेटा काफी डरा हुआ है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शमीम का शव परिवार को सौंप दिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से गांव ताजपुर, बुलंदशहर निवासी शमीम परिवार के साथ डी-ब्लॉक गाजीपुर डेरी फार्म में रहता था। परिवार में पत्नी शमा परवीन के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा मो. अंजाल है। शमीम गाजीपुर फार्म में डेरी चलाता था।
वह पहली मंजिल पर रहता था, जबकि उसके चाचा का लड़का आकिल घर के नीचे परचून की दुकान चलाता है। बुधवार रात 11 बजे शमीम सामान लेने अपने छह साल के बेटे के साथ नीचे उतरा था। शमीम अभी दुकान पर खड़ा था। इस बीच बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। उन्होंने गांजा बिकने का ठिकाना पूछा।
शमीम ने डांटकर दोनों को गांजा बेचने वाले का पता नहीं होने की बात की। इस बात पर युवक भड़क गए। युवकों ने शमीम के सीने में गोली मार दी। बाद में आरोपी वहां से फरार हो गए, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जिला पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार सिंह का कहना है कि सभी दृष्टिकोण से जांच की जा रही है।