बदमाशों ने हाइवे-9 स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम की मशीन को शनिवार तड़के काटकर उसमें रखे 22.60 लाख रुपये उड़ा ले गए। एटीएम के सीसीटीवी कैमरे में ये बदमाश कैद हो गए हैं। फॉरेंसिक टीम ने एटीएम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी ले ली है। इसकी मदद से बदमाशों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। बैंक के शाखा प्रबंधक ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हाइवे-9 पर पिलखुवा में बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के बाहर एटीएम लगा है। बैंक अधिकारियों के मुताबिक तड़के 3:58 बजे दो बदमाश एटीएम में दाखिल हुए। बदमाशों ने अंदर आते ही एटीएम मशीन को गैस कटर से काटना शुरू कर दिया। बदमाशों ने पहचान छुपाने के लिए नकाब और हाथों में दस्ताने पहन रखे थे, ताकि फिंगर प्रिंट न आए।
एटीएम के सीसीटीवी कैमरे में ये बदमाश कैद हो गए हैं। पुलिस का मानना है कि बदमाश मशीन उखाड़ने में माहिर थे। महज 30 मिनट के अंदर ही उस बदमाश ने पूरी मशीन काट डाली और रकम लेकर फरार हो गए। बैंक मैनेजर जेके कनौजिया ने बताया कि शनिवार की सुबह हैदराबाद के हेड ब्रांच की ई-सर्विलांस से उनके पास फोन आया कि उनके बैंक के बाहर लगे एटीएम पर लगे सेंसर से छेड़छाड़ की गई है।
वह कर्मचारियों को सूचना देते हुए बैंक पहुंचे। यहां उन्हें एटीएम का शटर कटा हुआ मिला। उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर हापुड़ एसपी संकल्प शर्मा और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुबूत जुटाए।
एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की शिनाख्त कराई जा रही है। बदमाश एटीएम काटने में माहिर हैं, जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे। वहीं कोतवाली प्रभारी लक्ष्मण वर्मा का कहना है कि शाखा प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।