विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू व पिस्टल से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद सचिन किसी तरह लाजपत नगर पुलिस के बूथ पर पहुंचा तो उसे प्राथमिक उपचार करवाने की जगह इलाका गिना दिया गया।
मूलरूप से गांव पीठा गोरखपुर निवासी सचिन तिवारी बुधवार रात को नागपुर में परीक्षा देने के लिए रेलवे स्टेशन जा रहा था। रास्ता भटकने के कारण रात करीब 3:30 बजे डिफेंस कॉलोनी पहुंच गया। यहां से सचिन मोबाइल में गूगल मैप लगाकर पैदल ही निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जा रहा था। उसकी ट्रेन सुबह 5:20 बजे की थी।
डिफेंस कॉलोनी में वह अंडरपास के पास पहुंचा तो बाइक व स्कूटी पर सवार चार बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने सचिन से मोबाइल मांगा। सचिन ने मोबाइल देने से मना कर दिया तो एक बदमाश ने चाकू से कई वार कर दिए।
दूसरे बदमाश ने पिस्टल की बट से सचिन के सिर पर हमला कर लूट लिया। हमले के कारण सचिन बेहोश हो गया। कुछ देर बाद उसे होश आया तो वह लाजपत नगर थाने के पुलिस बूथ में पहुंचा, लेकिन पुलिस ने प्राथमिक उपचार की जगह उसे डिफेंस कॉलोनी थाने भेज दिया।
पुलिस ने सचिन की शिकायत पर मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।