बदमाशों ने फैक्टरी के कार्यालय के पास चारपाई पर लेटे राजेश को हथियारों के बल पर कब्जे में ले लिया और उसके जमकर पीटा। शोर मचाने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर उसे बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने फैक्टरी का स्टोर रूम खुलवाया और यहां कट्टों में रखा करीब बीस लाख रुपये का तांबा लूट लिया।
हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत जरौठी रोड पर स्थित स्क्रैप फैक्टरी में घुसे पांच हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर जमकर पीटा। इसके बाद बदमाश फैक्टरी में रखा करीब बीस लाख रुपये का तांबा लूटकर फरार हो गए। घटना फैक्टरी में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। सुबह डकैती की सूचना पर पुलिस के होश उड़ गए और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में तीन टीमों का गठन किया है।
विज्ञापन
मीनाक्षी रोड देवीपुरा निवासी शोभित सिंहल की जरौठी रोड पर श्री श्याम मेटल के नाम पर स्क्रैप की फैक्टरी है। जहां पुरानी मोटरों को खरीदकर इनसे तांबा निकाला जाता है। शुक्रवार की देर रात को मोहल्ला नबी करीम निवासी राजेश चौकीदार के रूप में फैक्टरी में मौजूद था। इस दौरान फैक्टरी के पीछे खड़े एक पेड़ के सहारे पांच हथियारबंद नकाबपोश बदमाश फैक्टरी में घुस गए।
बदमाशों ने फैक्टरी के कार्यालय के पास चारपाई पर लेटे राजेश को हथियारों के बल पर कब्जे में ले लिया और उसके जमकर पीटा। शोर मचाने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर उसे बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने फैक्टरी का स्टोर रूम खुलवाया और यहां कट्टों में रखा करीब बीस लाख रुपये का तांबा लूट लिया। बदमाश अपने साथ ई-रिक्शा लेकर आए थे। तांबे से भरे कट्टे ई रिक्शा में रखकर सभी बदमाश फरार हो गए।
विज्ञापन
सुबह करीब पांच बजे फैक्टरी का दूसरा गार्ड करण सिंह फैक्टरी पर पहुंचा तो उसने गेट खुला देखा। अंदर जाकर देखा कि राजेश घायल अवस्था में पड़ा था। इसके बाद वारदात की सूचना फैक्टरी मालिक को दी गई। घटना की सूचना शोभित मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद सीओ सिटी जितेंद्र शर्मा और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सिटी जितेंद्र शर्मा ने बताया कि वारदात का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की तीन टीमों को लगा दिया है। सीसीटीवी की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
फैक्टरी के किसी पूर्व कर्मचारी पर शक
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें काम कर रही हैं। फैक्टरी और इसके अलावा आसपास के साथ हाईवे के कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। जिस ई-रिक्शा से स्क्रैप लेकर बदमाश फरार हुए थे, सबसे पहले उसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस को फैक्टरी के किसी पूर्व कर्मचारी पर ही शक है। ऐसे में पुलिस संदिग्धों को लेकर पूछताछ करने में जुटी है। ऐसे में पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।