सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में चलती बाइक पर डिलीवरी बॉय के मुंह पर जलता पटाखा फेंककर नकदी और बाइक लूटने का मामला सामने आया है। जैतपुर गांव के पास हड़बड़ी में जैसे ही युवक ने बाइक रोकी तीन बदमाशों ने उस पर डंडों से हमला कर दो हजार रुपये, बाइक, मोबाइल और जेब में रखे जरूरी दस्तावेज लूट लिए।
दादरी के संतोष नगर निवासी हरिसरन ने बताया कि बेटा किशोर एक फूड कंपनी में काम करता है। बृहस्पतिवार देर रात किशोर ड्यूटी पूरी कर परी चौक से चला था। लगभग 11 बजकर 45 मिनट पर वह जैसे ही जैतपुर गांव के पास पहुंचा।
इसी दौरान बदमाशों ने वारदात की। वहां से गुजर रहे कार सवार पुलिसकर्मी ने बदमाशों का पीछा किया। लेकिन बदमाश फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने यूपी-100 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
हेलमेट की बेल्ट भी जल गई
हरिसरन ने बताया कि बेटे ने हेलमेट लगाया था। लेकिन धमाका इतना तेज था कि हेलमेट की बेल्ट भी जल गई। उसके जबड़े व चेहरे पर गंभीर चोट आई है। किशोर को पहले ग्रीन सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिर उसे दिल्ली के एक अस्पताल में ले जाया गया। कोतवाली प्रभारी मुनीष चौहान ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।