पिलखुवा में बस अड्डा पुलिस चौकी के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने दुकानदार हरकेश से मारपीट कर 55 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस सीसीटीवी खंगालकर मामले की जांच कर रही है।
पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बस अड्डा पुलिस चौकी के पास दुकान बंद कर घर लौट रहे मोहल्ला रजनी विहार निवासी हरकेश से बाइक सवार दो बदमाशों ने 55 हजार की नकदी लूट ली। बदमाशों ने पहले बाइक में टक्कर मारी और इसके बाद मारपीट करते हुए व्यापारी की जेब से रुपये निकाल लिए। व्यापारी के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
हरकेश की बस अड्डा पुलिस चौकी के पास बैटरी इन्वर्टर की दुकान है। 15 मई की रात करीब नौ बजे वे रोज की तरह दुकान बंद कर बाइक से अपने घर जाने के लिए निकले थे। जब वे पुलिस चौकी से थोड़ी दूरी पर पहुंचे, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गिर गए। दोनों युवकों ने उनकी बाइक में टक्कर मारने की आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और जेब में रखे 55 हजार रुपये निकाल लिए।
जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। रुपये लूटे जाने के बाद उन्होंने शोर मचाया, लेकिन लोगों के जमा होने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए, जिसके बाद पीड़ित कोतवाली पहुंचे और मामले की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है, आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।