सोशल मीडिया के जरिए हनीट्रेप में फंसाकर सेक्सटॉर्शन करने वाले गैंग के दो बदमाशों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव कोट, दौसा, राजस्थान निवासी अरशद खान (30) और मुश्ताक खान (39) के रूप में हुई है। आरोपी अरशद के पास से पुलिस ने एक पिस्टल व तीन कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी दिल्ली के एक वकील को ब्लैकमेल कर 20 लाख रुपये मांग रहे थे। मामला दर्ज होने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। कोर्ट ने दोनों को भगोड़ा घोषित करने के अलावा इनके खिलाफ 20-20 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया था। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर इनके गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने बताया कि नई दिल्ली इलाके में इन लोगों ने एक वकील को शिकार बनाकर उससे 20 लाख की डिमांड की थी। इस संबंध में बाराखंभा रोड इलाके में मामला दर्ज हुआ था। लोकल पुलिस के अलावा स्पेशल सेल की टीम भी आरोपियों की तलाश कर रही थी। छानबीन के दौरान एसीपी अत्तर सिंह व अन्यों की टीम को सूचना मिली कि वारदात में शामिल इनामी बदमाश अपने किसी साथी से मिलने के लिए दक्षिण दिल्ली के छतरपुर, फूल मार्केट के पास आने वाला है।