नई दिल्ली जिले की कनॉट प्लेस थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है जो अपराधिक वारदातों का शतक लगा चुका है। आरोपी ने कनॉट प्लेस में भी एक झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार बदमाश करनैल सिंह उर्फ काना गुलाबी बाग थाना इलाके का घोषित बदमाश है। बदमाश का पिता भी अपराधिक वारदातों को अंजाम देता था। इसके पास से कनॉट प्लेस से छीनी गई करीब डेढ़ लाख रुपये की कीमत की सोने की चेन बरामद की गई है।
नई दिल्ली जिला डीसीपी डा. ईश सिंघल के अनुसार कपिल गांधी ने तीन अक्तूबर की शाम को पुलिस को शिकायत दी थी कि वह दोपहर को किसी काम से कनॉट प्लेस आया था। वह बाबा खड़क सिंह मार्ग पर कार के पास मोबाइल पर बात कर रहा था तभी पल्सर बाइक पर दो बदमाश आए और उसकी 30 ग्राम की सोने की चेन छीनकर ले गए। मामला दर्जकर एसीपी कनॉट प्लेस सिद्धार्थ जैन व थानाध्यक्ष आईके झा की देखरेख में एसआई अमित कुमार, एसआई नरेश कुमार, एसआई रिचा व सिपाही हिमांशु की टीम ने जांच शुरू की।
इस टीम ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर चेन छीनने वाले दो बदमाश की पहचान करनैल सिंह उर्फ आना और जितेन्द्र उर्फशुजा के रूप में की। इसके बाद एसआई अमित कुमार की टीम ने आरोपी करनैल सिंह(50) को गुलाबी बाग से आठ अक्तूबर को गिरफ्तार कर लिया।
सांसी परिवार से ताल्लुक रखने वाला आरोपी करनैल सिंह के परिवार की भी अपराधिक पृष्ठभूमि से है। उसके पिता भी अपराधिक वारदात करता था। करनैल सिंह के खिलाफ डकैती, रॉबरी, हत्या का प्रयास, झपटमारी, चोरी व सेंधमारी के 100 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने ये भी बताया कि वह गांजा भी बेचता है।