कापसहेड़ा में दिल दहला देनी वाली घटना सामने आई है। यहां पर 10 व 11 वर्ष के दो नाबालिग लड़कों ने पांच वर्ष की एक बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। कापसहेड़ा थाना पुलिस ने दोनों आरोपी लड़कों को पकड़ लिया। मंगलवार को दोनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी देवेंद्र आर्या ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मेडिकल जांच में बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि हो गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़ित बच्ची और आरोपी नाबालिग लड़के कापसहेडा में एक ही मोहल्ले में रहते हैं। सोमवार को बच्ची व आरोपी पास में स्थित पार्क में खेल रहे थे। शाम करीब सात बजे आरोपियों ने बच्ची के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इसी दौरान पीड़ित बच्ची की मां पार्क में पहुंच गई। बच्ची की मां ने शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग खडे हुए। मां ने इसकी शिकायत 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम को दी। कापसहेड़ा थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों को मंगलवार सुबह पकड़ लिया। दोनों को मंगलवार दोपहर को जुबेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश किया गया। जुबेनाइल जस्टिस बोर्ड ने दोनों को बाल सुधार गृह भेज दिया।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार बच्ची के निजी अंगों पर काफी चोट लगी हैं। बच्ची बहुत सदमे में है। काउंसलिंग के बाद बच्ची की मानसिक हालत काफी ठीक है। घटना के बाद बच्ची को एक दिन के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।