-जहांगीरपुरी इलाके की घटना, पुलिस ने चश्मदीद और सीसीटीवी कैमरे की जांच कर तीन नाबालिगों को पकड़ा, चाकू बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जहांगीरपुरी इलाके में बृहस्पतिवार देर रात झगड़े के दौरान नाबालिगों ने 26 साल के अरबाज की चाकू गोदकर हत्या कर दी। घायल होने के बाद अरबाज को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने चश्मदीद और घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर वारदात में शामिल तीन नाबालिगों को पकड़ लिया। तीनों की उम्र 16 से 17 साल के बीच है। पुलिस ने इनके कब्जे से चाकू बरामद किया है।
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि 28 मई की देर रात साढ़े ग्यारह बजे पुलिस को जहांगीरपुरी इलाके में एक युवक को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जहां सी ब्लॉक निवासी अरबाज घायल अवस्था में था। उसके पेट सहित अन्य जगहों पर चाकू के घाव थे। पुलिस तुरंत उसे बाबू जगजीवन राम अस्पताल लेकर गई। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौके पर छानबीन में पता चला कि अरबाज ने एक नाबालिग को कुछ सामान लाने के लिए कहा। इस बात को लेकर उसकी नाबालिग से कहासुनी हो गई। आरोपी नाबालिग अपने दो दोस्तों को लेकर उसके पास आया और उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।