बवाना में रविवार रात नाबालिगों के ग्रुप ने युवक की चाकू से वार कर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त मुस्तफा (25) के रूप में हुई है। वारदात के समय मुस्तफा अपने दोस्त के साथ फैक्टरी से लौट रहा था। इस बीच आरोपियों ने घेरकर उसकी हत्या कर दी।
सोमवार को छानबीन के बाद पुलिस ने पांच किशोरों को हत्या के आरोप में दबोच लिया। पुलिस दावा कर रही है कि लूटपाट का विरोध करने पर आरोपियों ने मुस्तफा की हत्या कर दी। परिजनों को पुलिस की थ्योरी हजम नहीं हो रही है। उनका कहना है कि मुस्तफा का मोबाइल और पर्स उसके पास सुरक्षित मिला है।
चाकू मारने के दौरान आरोपियों ने मुस्तफा के दोस्त नूर आलम को एक ओर कर दिया। मुस्तफा पर चाकू के कई वार करने के बाद आरोपी भाग निकले। पुलिस को मामले में दो अन्य नाबालिगों की तलाश है। पुलिस कैमरों की मदद से जांच कर रही है। नाबालिगों से पूछताछ कर हत्या की सही वजहों का पता लगाया जा रहा है।
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वालसन ने बताया कि मुस्तफा जेजे कालोनी, बवाना में रहता था। परिवार में पिता जफीर के अलावा मां, बड़ा भाई अब्दुल मुर्तजा, दो छोटे भाई रहमान और रहीम के अलावा शादीशुदा बहन है। रविवार रात 9.15 बजे वह दोस्त नूर आलम के साथ काम से घर लौट रहा था। इस बीच दोनोंं सेक्टर-3, डीएसआईआईडीसी, बवाना के पास पहुंचे। इस बीच 7 नाबालिगों के समूह ने घेर लिया। आरोपियों ने नूर आलम को एक ओर करने के बाद मुस्तफा पर चाकू से हमला कर दिया। नूर आलम मुस्तफा को नजदीकी अस्पताल ले गया, जहां से अंबेडकर अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान मुस्तफा की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि नाबालिग लूट के इरादे से निकले थे। इन लोगों ने मुस्तफा को लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर हत्या कर दी।
गोली मारकर युवक की हत्या रंजिश की जताई जा रही आशंका
समयपुर बादली में सोमवार शाम बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। शुरुआती जांच में पुलिस ने रंजिश की आशंका जाहिर की। उत्तरी बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वालसन ने बताया कि समयपुर बादली पुलिस को शाम 6.22 बजे बादली में बवाना रोड पर एक युवक को गोली मारे जाने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक युवक को खून से लथपथ देखा। पुलिस घायल को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृत युवक की पहचान यादव नगर निवासी चंदन झा (20) के रूप में हुई। वह निजी कंपनी में काम करता था। लोगों ने बताया कि बाइक से आए बदमाशों ने चंदन पर गोलियां चला दीं। पुलिस कैमरों की जांच कर रही है। साथ ही पुलिस परिवार से पूछताछ कर किसी से विवाद के बारे में पूछताछ कर रही है।