खजूरी खास की घटना, पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से की पहचान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। खजूरी खास में मंगलवार रात कुछ हमलावरों ने 14 साल के नाबालिग की चाकू गोदकर हत्या कर दी। चाकू मारने के बाद आसपास के लोगों ने घायल को पास के अस्पताल में पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने हमला करने वाले अमन, एहसान, आकिब और फराज को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चाकू बरामद हुआ है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि 3 फरवरी की देर रात टीम को एक नाबालिग लड़के पर चाकू से हमला करने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि घायल नाबालिग श्री राम कॉलोनी का रहने वाला है। लोग उसे जग प्रवेश चंद अस्पताल लेकर गए हैं। वहां पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि घायल को राम मनोहर लोहिया में रेफर कर दिया गया है। वहां पर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की जिसके जरिए चार संदिग्धों की पहचान कर ली गई। दबिश देकर अमन (18), एहसान (19), आकिब (19) और फराज (18) को पकड़ लिया गया। सभी खजूरी खास के रहने वाले हैं। शुरुआती जांच में पता चला कि मृतक और आरोपियों के बीच किसी छोटे से विवाद को लेकर झगड़ा चल रहा था। उसी विवाद में आरोपियों ने नाबालिग की हत्या कर दी।