दिल्ली के अमन विहार में पिटाई का बदला लेने के लिए नाबालिग ने दसवीं के छात्र की हत्या कर दी थी। पुलिस ने सीसीटीवी के जरिये 17 साल के आरोपी की पहचान कर घटना के 12 घंटे बाद उसे सोनीपत से पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने चाकू और खून से सने कपड़े व जूते बरामद कर लिए हैं।
पकड़े गए नाबालिग पर लूटपाट सहित छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम 7.45 बजे नीति विहार गली नंबर सात में 16 साल के आकाश का चाकू मारने की जानकारी मिली। आकाश परिवार के साथ किराड़ी सुलेमान नगर में रहता था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
अमन विहार थाना प्रभारी वेद प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस ने चार टीमें गठित कर जांच शुरू की। इस दौरान टीम ने आसपास के करीब 200 सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसके आधार पर पुलिस ने अमन विहार निवासी आरोपी की पहचान कर ली।
पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर आरोपी के ठिकाने के बारे में जानकारी हासिल की और तकनीकी जांच की मदद से सोनीपत से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि आठ नौ माह पहले आकाश और उसके दोस्त ने उसकी पिटाई कर दी थी। इसका बदला लेने के लिए उसने घटना को अंजाम दिया।