जीटी रोड स्थित चिटहेरा गांव के करीब एक होटल के सामने रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे नाबालिग की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के वक्त बाइक सवार दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
पुलिस के मुताबिक दादरी क्षेत्र के चिटहेरा गांव में तनुज पुत्र ब्रह्म सिंह के परिवार में रविवार शाम को लग्न सगाई का कार्यक्रम था। समारोह में तनुज का दोस्त रूकसाद निवासी अतरू वाटिका दादरी भी आया था। शाम के समय तनुज और रूकसाद बाइक पर सवार होकर दादरी जा रहा थे।
बाइक को रूकसाद चला रहा था। जब जीटी रोड पर प्रधान ढाबे के नजदीक पहुंचे तो सामने से आ रही रोडवेज बस की टक्कर लगने पर दोनों सड़क पर गिर गए। गिरने पर तनुज (16) बस की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। तथा रूकसाद घायल हो गया।
सूचना पाकर पुलिस व परिजन पहुंच गए। घायल को पुलिस ने अस्पताल भेज दिया। रोडवेज बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस रोडवेज बस चालक की तलाश में जुट गई है।
इकलौता बेटा था तनुज
तनुज इकलौता बेटा था और उसकी चार बहनें है। हादसे के बाद तनुज की मां का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार में मातम छा गया है।