अर्द्धनग्न अवस्था में मिली लाश
उत्तर जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुमित कुमार झा ने बताया कि 2 फरवरी को गुलाबी बाग थाने में एक पीसीआर कॉल मिली कि रेलवे कॉलोनी सब्जी मंडी में एक शव मिला है। पुलिस को मौके पर कॉलर मंदीप कुमार मालवीय मिले। शव अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ा हुआ था। शरीर पर कुछ सामान बिखरा हुआ था और चेहरा साफ दिखाई नहीं दे रहा था।
आर.के आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास मिली बाइक
शिकायकर्ता ने मृतक की पहचान अपने भाई रेलवे कॉलोनी, किशनगंज, दिल्ली निवासी संदीप कुमार मालवीय (39) के रूप में की। संदीप नई दिल्ली में इंडियन रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर काम करते थे। वह 25 जनवरी से गायब थे। 27 जनवरी को उनकी बाइक आर.के आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी मिली।
भाई ने तोड़ा कमरे का ताला, अंदर मिली लाश
शिकायकर्ता ने अपने भाई के गायब होने की शिकायत पहाड़गंज थाने में दर्ज कराई। जांच में भाई मंदीप को पता चला कि उसके भाई संदीप ने रेलवे कॉलोनी सब्जी मंडी में एक कमरा किराए पर लिया था, जहां उसका भाई संदीप कभी-कभी अपने दोस्तों के साथ आता था। उसके भाई मंजीत ने कमरे का ताला तोड़ा और अपने बड़े भाई संदीप की लाश जमीन पर पड़ी पाई।
पुलिस ने आरोपी किशोर को पकड़ा
मृतक की गर्दन, चेहरे और छाती पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। चेहरा आंशिक रूप से सड़ गया था। लाश को मेडिकल जांच के लिए दीप चंद बंधु अस्पताल भेजा गया। मौके पर पड़े कुछ कपड़े पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए। लोकल पुलिस व स्पेशल स्टाफ की टीम ने मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में एक लड़का मृतक के साथ ऑटो में जाते हुए दिखाई दे रहा था। ये भी पता लगा कि किशोर ने उसके खाते से पैसे भी निकाले हुए हैं। बैंक खाते व अन्य जांच के आधार पर मंगलवार को आरोपी को मंदिर मार्ग इलाके से दबोच लिया गया।
इसलिए की थी हत्या
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि वह अपने पुराने दोस्तों से मिलने और उनके साथ घूमने के लिए नियमित रूप से मंदिर मार्ग आता था। 25-26 जनवरी की रात वह पहाड़गंज में एक बार के बाहर घूम रहा था। इस बीच संदीप वहां आया। यहां पर नाबालिग ने संदीप से पैसे मांगे। संदीप उसे अपने कमरे में ले गया। यहां उसके साथ मृतक ने जबरदस्ती कुकर्म करने की कोशिश की। ऐसे में उसने कमरे में रखे गैस सिलिंडर से मृतक के माथे पर हमला कर दिया। जिसके बाद संदीप वहीं गिर गया। इसके बाद टूटे हुए कांच के टुकड़े से उसकी गर्दन पर हमला किया। बाद में नाबालिग ने खून से सने अपने कपड़े बदले और कमरे में रखे मृतक के एक्स्ट्रा कपड़े पहन लिए। फिर वह मृतक के 2000 रुपये कैश, क्रेडिट कार्ड और मोबाइल फोन ले गया। नाबालिग ने कमरे के बाहर ताला लगाकर चाबी कमरे के अंदर ही डाल दी। बाद में वह मौके से भाग गया।