उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में शनिवार रात हथियारबंद बदमाशों ने कोरियर कंपनी के दफ्तर में घुसकर कर्मचारियों को बंधक बना लिया। पिस्टल दिखाकर बदमाशों ने कंपनी की तिजोरी में रखे साढ़े तीन लाख रुपये लूट लिये, इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, रमन बत्रा परिवार के साथ पूर्वी गोकुलपुरी में रहते हैं। वह करतार नगर, साढ़े चार पुश्ता स्थित एक्सप्रेस-20 कोरियर कंपनी में सुपरवाइजर हैं। शनिवार रात करीब 10.30 बजे वह दफ्तर में मौजूद अपने कर्मचारी गौरव व धीरज के साथ कैश गिनकर उसे तिजोरी में रख रहे थे।
इस दौरान रमन ने दफ्तर का शटर आधा गिराया हुआ था। इस बीच तीन नकाबपोश बदमाश अंदर घुस गए। तीनों के हाथ में पिस्टल थी। बदमाशों ने तीनों को बंधक बनाकर तिजोरी की चाबी मांगी, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। इसी दौरान रमन ने बदमाशों को चाबी दे दी। बदमाशों ने तिजोरी में रखे साढ़े तीन लाख रुपये निकाले और बाहर खड़ी बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
50 हजार रुपये लूटे, विरोध पर गोली मारी
करावल नगर इलाके में बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर बाइक सवार युवक को गोली मार दी। वारदात के बाद बदमाश पीड़ित से 50 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ित प्रदीप (42) को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, प्रदीप परिवार के साथ करावल नगर के ए-ब्लॉक में रहता है। वह शांति मोहल्ले में हलवाई है। शुक्रवार देर रात 12.15 बजे वह घर से गांधी नगर के लिए निकला। इस बीच करावल नगर काली घटा रोड पर कार सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसे कई थप्पड़ मारकर उससे रुपये लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाश उसके हाथ में गोली मारकर फरार हो गए।