-दूध सप्लाई वाहनों का पीछा कर करते थे चोरी, तिपहिया वाहन, दूध के खाली कैरेट और चोरी की बाइक व स्कूटी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी जिला पुलिस ने दूध सप्लाई तिपहिया वाहनों का पीछा कर दूध का कैरेट चुराने वाले गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के दो बदमाशों मोहित और आयुष्मान पांडे उर्फ पंडित को पकड़ा है।
जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि 26 मार्च को सोशल मीडिया पर दूध और दही चोरी करने का वीडियो यू-ट्यूब पर वायरल हुआ था। वीडियो के संज्ञान में आने के बाद बाहरी जिला नारकोटिक्स सेल को चोरों को पकड़ने के लिए एसीपी ऑपरेशन वीरेंद्र सिंह के देखरेख में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के पास के करीब 300 सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की। दोनों आरोपियों की पहचान के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 3 अप्रैल को सूचना मिली कि चोरी और लूटपाट में शामिल युवक शिव विहार स्थित चर्च के पास अपने साथी से मिलने आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने चर्च के पास घेराबंदी की और तिपहिया वाहन से पहुंचे युवकों को पकड़ लिया। उन्होंने तिपहिया वाहन और उसमें से दूध की 14 खाली कैरेट बरामद कर ली। जांच में पता चला कि तिपहिया वाहन प्रेम नगर से चुराया गया था। आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन पहले उत्तम नगर इलाके से दूध और दही चुराया था और डाबरी व बिंदापुर में दूध सप्लाई केंद्रों पर बेच दिया। जांच में पता चला कि इस बाबत उत्तम नगर में 27 मार्च को चोरी का मामला दर्ज हैं। मोहित पर 38 आपराधिक मामले दर्ज हैं और फरवरी 2026 में वह जेल से रिहा हुआ था। इनके निशानदेही पर एक स्कूटी व एक बाइक भी बरामद की है जिसे बदमाशों ने तिलक नगर और रणहौला से चुराई थी। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने पांच मामले सुलझाने का दावा किया है।