गर्मी बढ़ने के साथ ही दिल्ली की लाइफ लाइन मेट्रो सेवा भी परेशान करने लगी है। शुक्रवार को तकनीकी खराबी ने मेट्रो की येलो लाइन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। इससे यात्रियों को 50 मिनट से ज्यादा तक परेशानी झेलनी पड़ी।
दोपहर करीब तीन बजे येलो लाइन के केंद्रीय सचिवालय और कुतुबमीनार दायरे के बीच सिग्नल से जुड़ी तकनीकी खराबी के कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। इस दौरान मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की काफी भीड़ जमा हो गई। ट्रेनों के लिए यात्रियों को निर्धारित फ्रिक्वेंसी से काफी ज्यादा समय तक इंतजार करना पड़ा। डीएमआरसी ने अपने फेसबुक और ट्विटर सोशल मीडिया हैंडल से यात्रियों को विलंब की सूचना दी।
उल्लेखनीय है कि बृहस्पतिवार को भी येलो लाइन में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को सुबह करीब सवा 8 से करीब पौने नौ बजे तक चावड़ी बाजार से लेकर हुडा सिटी सेंटर तक मेट्रो की धीमी रफ्तार की समस्या का सामना करना पड़ा था।
बीते मंगलवार को दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन पर तकनीकी खराबी के कारण शाहदरा से पुलबंगश के बीच 11 स्टेशनों पर मेट्रो करीब 20 मिनट तक धीमी रफ्तार से चली। मंगलवार हो ही एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर तकनीकी खराबी के कारण नई दिल्ली, शिवाजी स्टेडियम, दिल्ली एयरोसिटी, टी-3 एयरपोर्ट और द्वारका सेक्टर-21 स्टेशनों के सभी एएफसी गेट बंद हो गए थे।
इससे यात्रियों को काफी देर तक मेट्रो में प्रवेश और निकास के लिए परेशान होना पड़ा। साथ ही, ब्लू लाइन के टैगोर गार्डन स्टेशन पर भी एएफसी गेट अचानक बंद होने से यात्री परेशान हुए। पिछले सप्ताह भी सिग्नल की खराबी के चलते मेट्रो की धीमी रफ्तार ने यात्रियों को परेशान किया।