प्रदेश की औद्योगिक नगरी कानपुर और ताज नगरी आगरा केलोगों को बहुत जल्द ही मेट्रो रेल पर सफर करने का मौका मिलेगा। केंद्र सरकार ने लोकसभा के चुनाव के ठीक पहले इन दोनों शहरों को मेट्रो रेल की सौगात दी है। आवास एवं नियोजन विभाग द्वारा तैयार दोनों मेट्रो परियोजनाओं की डीपीआर को केंद्रीय वित मंत्रालय द्वारा गठित ‘पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड’ (पीआईबी) ने बुधवार को दिल्ली में हुई बैठक में मंजूरी दे दी है। दोनों परियोजनाओं पर 19170 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। जबकि मेरठ के लिए प्रस्तावित डीपीआर पर बाद में फैसला किया जाएगा।
बता दें कि प्रदेश सरकार ने दोनों शहरों में मेट्रो रेल सेवा शुरू करने के लिए पिछले साल ही डीपीआर तैयार करके केंद्र सरकार को भेजा था, लेकिन केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्रालय ने दोनों परियोजनाओं की 31924 करोड़ की लागत को अधिक बताते हुए संशोधित डीपीआर भेजने को कहा था।
प्रदेश ने पिछले महीने में ही दोनों परियोजना की लागत में करीब 12754 करोड़ की कमी करते हुए 19170 करोड़ रुपये की लागत वाली संशोधित डीपीआर केन्द्र को भेजा था। जिसे पीआईबी ने मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही दोनों शहरों में मेट्रो रेल परियोजना पर काम शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।
कानपुर में 32 व आगरा में 30 किमी में दौड़ेगी मेट्रो
आवास एवं शहरी नियोजन विभाग द्वारा कानपुर के संशोधित डीपीआर के मुताबिक कानपुर में 32 किमी. और आगरा में 30 किमी. की दूरी में मेट्रो ट्रेन दौड़ेगी। लागत कम होने के बाद कानपुर में मेट्रो रेल परियोजना अब 10908 करोड़ रुपये की लागत में पूरी होगी।
इससे पहले के इस शहर के लिए तैयार डीपीआर की लागत 18143 करोड़़ रुपये थी, जिसमें 7235 करोड़ की कमी की गई है। इसी तरह आगरा के लिए पहले तैयार की गई डीपीआर की लागत 13781 करोड़ थी, जिसमें 5519 करोड़ रुपये की कमी की गई है। अब इस परियोजना की लागत 8262 करोड़ हो गई है।