पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी व हिमालय की ओर से तेज ठंडी उत्तरी हवाओं के प्रभाव से राजस्थान के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
राज्य के कई हिस्से शीतलहर और पाले की चपेट में आ गए। मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में सर्दी का यह असर अभी 31 दिसंबर तक बने रहने की संभावना हैं। उन्होंने बताया कि बीते दो दिन से पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में सक्रिय होने से देश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हुई।
यूपी के पश्चिमी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हुई जबकि पिछले 24 घंटों में पूर्वी जिलों में मौसम सर्द रहा। आंचलिक मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार राज्य के ज्यादातर मंडलों में दिन के तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ और उनकी स्थिति सामान्य बनी हुई है। राज्य में सबसे कम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस चुर्क में दर्ज किया गया जबकि सबसे अधिक तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस झांसी में दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा है कि मंगलवार को कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है।