लाडो सराय में बिल्डर के घर फायरिंग मामला-
- दक्षिण जिला पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गैंग के तीन सदस्यों को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दक्षिण जिले के साकेत थाना क्षेत्र के लाडो सराय में बिल्डर के घर के बाहर एक जून को फायरिंग गैंगस्टर राकेश उर्फ राका और प्रिंस तेवतिया गैंग के गुर्गों ने की थी। ये गैंग बिल्डर से रंगदारी मांग रहा था। दक्षिण जिले के वाहन चोरी निरोधक दस्ते (एएटीएस) और स्पेशल स्टाफ ने संयुक्त रूप से मामूली मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों भरत जाटव, राकेश उर्फ राका, सोनू अड्डू को गिरफ्तार किया है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि लाडो सराय में रहने वाले बिल्डर ने साकेत पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे राकेश उर्फ राका से रंगदारी के लिए कॉल और धमकियां मिल रही हैं। एक जून को मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावरों ने शिकायतकर्ता को डराने-धमकाने के इरादे से उसके घर के बाहर कई राउंड फायरिंग की और उसके बाद भी धमकियां देते रहे। जांच के दौरान टेक्निकल सर्विलांस, सीसीटीवी सर्विलांस एनालिसिस और लोकल इंटेलिजेंस से आरोपी राकेश उर्फ राका और उसके साथी सोनू उर्फ अड्डू की संलिप्तता का पता चला। ये वारदात के बाद से ही ये फरार थे। एएटीएस प्रभारी उमेश यादव, स्पेशल स्टाफ प्रभारी अनुज चौधरी, एसआई अभिमन्यु तोमर, एसआई मनीष फोगाट की टीम ने जांच शुरू की। इस टीम को 5 जून को खास जानकारी मिली कि आरोपी राकेश उर्फ राका, सोनू उर्फ अड्डू और भरत जाटव अवैध हथियार लेकर बिड़ला विद्या निकेतन मार्ग से गुजरने वाले हैं।
पुलिस टीम ने मच्छी मार्केट रोड के पास घेराबंदी की। पुलिस टीम ने 6 जून को यहां घेराबंदी करीब 12:20 बजे संदिग्धों को बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली काली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर देखा गया। पुलिस टीम ने यहां घेराबंदी की। पुलिस टीम को घेराबंदी कर आरोपियों ने पुलिसकर्मियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान आरोपी राकेश उर्फ राका द्वारा चलाई गई एक गोली हवलदार संदीप धायल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस टीम ने यहां जबावी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। आरोपी राकेश उर्फ राका और सोनू उर्फ अड्डू के पैरों में गोली लगीं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीसरे आरोपी भरत जाटव को हथियार छीनने के बाद पकड़ लिया गया।
पहले से आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं : दक्षिणपुरी, नई दिल्ली निवासी राकेश उर्फ राका (31) अंबेडकर नगर पुलिस स्टेशन का कुख्यात अपराधी और सक्रिय बैड कैरेक्टर (बीसी ) हैं। ये प्रिंस तेवतिया गैंग का सक्रिय सदस्य हैं और पहले 11 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। सैदुलजाब महरौली निवासी सोनू उर्फ अड्डू (25) पहले 2 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। दक्षिणपुरी, नई दिल्ली निवासी भारत जाटव (23) पहले 2 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। इनके कब्जे से 2 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल (जिसमें साकेत फायरिंग की घटना में इस्तेमाल हथियार भी शामिल हैं), 7 जिंदा कारतूस, 6 खोल, आरोपियों के 3 मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल की गई एक चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।