पांचवीं कक्षा के बच्चों के लिए 21 मार्च को मेगा पीटीएम आयोजित की जा रही है। पीटीएम में बच्चों के वार्षिक परीक्षा परिणाम जारी किए जाएंगे। शिक्षा निदेशालय ने छठी कक्षा के शिक्षकों व दाखिला प्रभारी को संबंधित फीडर स्कूल में भाग लेने के लिए निर्देश दिए हैं। एमसीडी के पांचवीं के बच्चों को हर साल प्लॉन दाखिले के लिए छठी कक्षा में प्रवेश दिया जाता है।
इस मेगा पीटीएम का उद्देश्य छात्रों, अभिभावकों और उनके आगामी कक्षा के शिक्षकों के बीच औपचारिक परिचय को बढ़ावा देना और उनके बीच संबंध बनाना है। ऐसे में निदेशालय ने छठी के कक्षा शिक्षकों को भी इस पीटीएम में उपस्थित रहने को कहा है कि जिससे कि इन शिक्षकों की उपस्थिति से प्रक्रिया और सुविधाजनक बन सके। निदेशालय के अनुसार यह पहल छात्रों के लिए एक ठोस नींव और उज्ज्वल भविष्य तैयार करेगी। शिक्षा निदेशालय ने सभी छठी कक्षा वाले पैरेंट स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिया है कि वे छठी कक्षा के संबंधित कक्षा शिक्षकों और प्रवेश प्रभारी को अपने संबंधित फीडर स्कूलों में इस मेगा पीटीएम में भाग लेने के लिए भेजें। पीटीएम में शिक्षक अभिभावकों को बताएंगे कि कैसे स्कूल के बाद घर में वे बच्चों के लिए पढऩे-लिखने के लिए बेहतर तरीके से तैयार कर सकते हैं।