आंधी-बारिश ने धोया प्रदूषण, एक्यूआई 119 दर्ज
राजधानी में बुधवार रात को आई आंधी-बारिश ने लोगों को प्रदूषण से राहत दिलाई। गुरुवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 119 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी है। इसमें बुधवार की तुलना में 94 सूचकांक की गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि रविवार तक हवा मध्यम श्रेणी में ही बरकरार रहेगी। ऐसे में लोगों को प्रदूषित हवा से कुछ दिनों तक राहत मिलने की संभावना है।
सीपीसीबी के अनुसार, एनसीआर में गुरुग्राम की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 135 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी है। वहीं, गाजियाबाद में एक्यूआई सबसे कम दर्ज हुआ। यहां सूचकांक 71 रहा, जो संतोषजनक श्रेणी है। इसके अलावा नोएडा में 79 और ग्रेटर नोएडा में 74 एक्यूआई दर्ज किया गया।