सिटी थाना क्षेत्र में एक युवती ने एक मीडियाकर्मी पर छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि एक महीने से आरोपी उसे परेशान कर रहा है। युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी मीडियाकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महालक्ष्मी गार्डन निवासी युवती ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह आईएमटी मानेसर की एक निजी कंपनी में काम करती है।
एक इलेक्ट्रॉनिक चैनल में कार्यरत मीडियाकर्मी पिछले एक माह से उसे बेवजह तंग कर रहा है। पीड़िता के मुताबिक कंपनी में जाने के लिए वह रोजाना राजीव चौक से बस पकड़ती है। पिछले महीने राजीव चौक स्थित पार्किंग के पास आरोपी ने अचानक उसका रास्ता रोक लिया। विरोध किया तो उसने गाली गलौच करते हुए मारपीट की।
इसके बाद उसने घर के सामने पहुंचकर हंगामा मचाया। इस घटना के बाद 25 मार्च को आरोपी के खिलाफ शिकायत दी लेकिन उसने माफी मांग ली तो युवती ने शिकायत वापिस ले ली। एक महीने के बाद आरोपी की हरकतें शुरू हो गई। 20 अप्रैल को जब वह अपनी स्कूटी पार्किंग से निकालकर जा रही थी तो आरोपी ने उसे रोकते हुए बदसलूकी की।
इससे परेशान होकर मंगलवार को आरोपी के खिलाफ पुलिस में दोबारा शिकायत दे दी। युवती के बयान के आधार पर खांडसा चौकी इंचार्ज ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।