-सिर्फ नगर निगम की कार्रवाई से बचाव संभव नही, लोगों को भी करनी पड़ेगी भागीदारी
-सप्ताह में एक बार घर और आसपास के इलाके में जमा पानी की करें जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली।
पूर्वी दिल्ली में मानसून के दौरान डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों को रोकने के लिए नगर निगम ने पूर्वी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में विशेष सुरक्षा ड्राइव चलाई। इस अभियान में शास्त्री पार्क, सीलमपुर, वेलकम, जाफराबाद समेत आसपास के क्षेत्रों में मच्छरों के प्रसव स्थलों की जांच की गई और लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। एमसीडी की टीमों ने घरों, दुकानों, निर्माणाधीन स्थलों और खाली प्लॉटों का निरीक्षण कर वहां जमा पानी की स्थिति का जायजा लिया है। जहां भी पानी जमा मिला, उसे हटाने के साथ ही मच्छरों के लार्वा की जांच की गई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों की छत, कूलर, गमले, पुराने टायर, कबाड़ और अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने दें। अभियान के दौरान कर्मचारियों ने संवेदनशील इलाकों में मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए आवश्यक दवाओं का इस्तेमाल किया है। इसके अलावा नालियों और जलभराव वाले स्थानों की भी जांच की गई। अधिकारियों के मुताबिक, मच्छरों से होने वाली बीमारियों को रोकने के लिए नियमित रूप से फॉगिंग और दवा का छिड़काव किया जा रहा है।
एमसीडी अधिकारियों ने बताया कि बारिश के बाद जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छरों के प्रजनन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में केवल नगर निगम की कार्रवाई से ही बीमारी पर पूरी तरह नियंत्रण संभव नहीं है। इसके लिए आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है।