जागृति मिश्रा से जुड़े मामले में कार्रवाई
मुख्यमंत्री के निर्देश पर एक्शन, संवेदनशीलता से काम करने की हिदायत
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पशु कल्याण कार्यकर्ता जागृति मिश्रा से जुड़े मामले में एमसीडी के जेई (भवन) विकास कुमार गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक जांच भी शुरू की गई है। जांच पूरी होने तक इन्हें स्टेशन छोड़ने की इजाजत नहीं रहेगी। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर की गई है। क दिन पहले रविवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कंझावला के निजामपुर गांव में जाकर पशु कल्याण कार्यकर्ता जागृति मिश्रा को सुरक्षा और हरसंभव मदद का भरोसा दिया था। इससे पहले पशु कल्याण परिसर में तोड़फोड़ हुई थी। जागृति मिश्रा ने सीएम को बताया था कि ये तोड़फोड़ स्थानीय निगम पार्षद के इशारे पर एमसीडी ने की थी। मुख्यमंत्री ने इस तोड़फोड़ को अनधिकृत करार दिया और तत्काल संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जांच करने, एक्शन लेने के निर्देश दिए थे। मौके पर डीसी, डीएम, पुलिस उपायुक्त मौजूद थे।
निलंबित जेई को स्टेशन छोड़ने की नहीं इजाजत : नरेला जोन के उपायुक्त ने विकास कुमार गुप्ता के निलंबन के आदेश जारी किए। निलंबन अवधि में अधिकारी को जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। उन्हें सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना स्टेशन छोड़ने की इजाजत नहीं होगी।