दिल्ली को कूड़े से आजादी अभियान के तहत बुलाई गई विशेष बैठक, ब्लैक स्पॉट्स के स्थायी समाधान पर जोर
अमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। दिल्ली की चरमराई स्वच्छता व्यवस्था को सुधारने के लिए बृहस्पतिवार को एमसीडी स्थायी समिति की विशेष बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने और जमीनी स्तर पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक में पार्षदों ने सफाई कर्मियों व संसाधनों की कमी, ऑटो टिप्परों की उपलब्धता, ढलावघरों की स्थिति और छोटी गलियों में नियमित सफाई न होने जैसे मुद्दे उठाए। लावारिश पशुओं से होने वाली गंदगी पर भी ध्यान आकर्षित किया गया।
सत्या शर्मा ने उपायुक्तों व सफाई अधीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी के निर्देश दिए। बार-बार कूड़ा जमा होने वाले ब्लैक स्पॉट्स की सूची तैयार कर उनके स्थायी समाधान पर जोर दिया गया। अधिकारियों को कहा गया कि केवल कूड़ा उठाकर औपचारिकता पूरी न करें, बल्कि दोबारा कूड़ा न जमा हो, इसकी व्यवस्था करें। गीले-सूखे कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, ढलावघरों की नियमित सफाई, निर्माण-विध्वंस कचरा डालने वालों के खिलाफ चालान, और जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर भी निर्देश दिए गए।