अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
एमसीडी ने विश्व हिंदी दिवस पर कवि सम्मेलन का आयोजन किया। इस दौरान हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले निगम के 10 कर्मियों को राजभाषा रत्न सम्मान से सम्मानित किया। उद्घाटन स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने किया। इस अवसर पर उप महापौर जय भगवान यादव, उपायुक्त राकेश कुमार भी उपस्थित थे।
सत्या शर्मा ने महेश कुमार, ज्योति जुल्का, प्रीति शर्मा, गीता दहिया, नेहा सैनी, पूनम मौर्या, मुकेश कुमार, बृजेंद्र मौर्य, ईशा गौतम व शिव कुमार को राजभाषा रत्न सम्मान दिया। इस दौरान सत्या शर्मा ने कहा कि हिंदी हिंदुस्तान की आन, बान और शान है। हमारी भावनाएं हिंदी में सबसे बेहतर ढंग से व्यक्त होती हैं और हमें अपनी मातृभाषा पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपनी मातृभाषा में बात करने में गर्व महसूस करता है, इसलिए हमें भी हिंदी बोलने और लिखने को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री की ओर से हिंदी में दिए जाने वाले भाषणों का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदी को ऊंचाइयों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने निगम कर्मचारियों से जहां संभव हो, हिंदी में हस्ताक्षर करने और अपने बच्चों को हिंदी सिखाने की अपील की।