एमसीडी की वार्ड समितियों के सोमवार को होने वाले चुनाव में जीत हासिल करने के लिए भाजपा, आम आदमी पार्टी और इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (आईवीपी) ने ताकत लगा दी है। तीनों पार्टियां अपने पार्षदों को एकजुट रखने के साथ विरोधी खेमे के पार्षदों को अपने खेमे में लाने की कोशिशों में भी जुटी हैं।
चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे कांग्रेस पार्षद
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा है कि कांग्रेस पार्षद सोमवार को होने वाले एमसीडी की वार्ड समितियों के चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए भाजपा-आम आदमी पार्टी एक जैसी है। इस कारण पार्षद किसी भी पार्टी को समर्थन नहीं देंगे। रोहिणी और दक्षिणी वार्ड समिति में जीत की चाबी कांग्रेस के हाथ में है।
देवेंद्र यादव ने आप पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उसके नेता दोहरी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आप प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के उस बयान पर पलटवार किया जिसमें रोहिणी वार्ड समिति में कांग्रेस के रुख को लेकर सवाल उठाए हैं।
यादव ने कहा कि महापौर चुनाव के वक्त जब कांग्रेस ने आप को समर्थन देने का पत्र दिया था, तब सौरभ भारद्वाज चुप क्यों थे? उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर पद भाजपा को इसलिए मिला क्योंकि आप ने उम्मीदवार नहीं उतारा, कांग्रेस के समर्थन की अनदेखी भी की।
सबके अपने-अपने दावे
हमारे पास न केवल संख्या बल है, बल्कि रणनीतिक बढ़त भी है। हम साफ नीयत और विकास के एजेंडे के साथ मैदान में हैं। हमारे सभी उम्मीदवार हर हाल में जीतेंगे।
-प्रवेश वाही, भाजपा, पार्षद के नेता (नेता सदन)
आम आदमी पार्टी के पार्षद एकजुट हैं। भाजपा और उससे जुड़े दल लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रहे हैं, लेकिन हम जनता की आवाज, पारदर्शिता के साथ जीतेंगे।
-अंकुश नारंग, आम आदमी पार्टी के पार्षद दल के नेता (नेता विपक्ष)
हमारी पार्टी स्थानीय मुद्दों, पारदर्शी प्रशासन के नाम पर चुनाव लड़ रही है। पार्षद का बढ़ता जन समर्थन इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के पक्ष में माहौल बना रहा है।