एमसीडी ने सोमवार को करोल बाग जोन के टीसी कैंप, ब्लॉक-टी पांडव नगर, ईस्ट पटेल नगर, रेगरपुरा, माता रमेश्वरी नेहरू नगर और नारायणा इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में कार्रवाई की। इसके अलावा ईस्ट जोन में ईस्ट विनोद नगर, मयूर विहार फेज-2, रघुबरपुरा और गांधी नगर के धरमपुरा में भी कार्रवाई की गई। नॉर्थ जोन में मलका गंज में ध्वस्तीकरण किया गया। दूसरी ओर एमसीडी ने विभिन्न इलाकों में 339 पीजी भवनों का फील्ड सर्वेक्षण किया। इसके साथ ही दिल्लीभर में अब तक करीब 2,453 भवनों की पहचान की जा चुकी है, जहां पीजी सुविधाएं संचालित हो रही हैं।
सर्वे के दौरान भवनों की स्थिति, पीजी के रूप में इस्तेमाल और संबंधित भवन मानदंडों के अनुपालन की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार यह केवल आंकड़े जुटाने की कवायद नहीं है, बल्कि सर्वे के बाद नियमों के उल्लंघन वाले भवनों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। सत्य निकेतन हादसे में पीजी भवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने के बाद एमसीडी के इस सर्वे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सर्वे के जरिए ऐसे भवनों की पहचान करने पर जोर है, जहां सुरक्षा, निर्माण या उपयोग से जुड़े नियमों का उल्लंघन हो सकता है।