दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने एमसीडी के 12 वार्डों के उपचुनाव के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की बुधवार को जांच की। आयोग ने जांच के दौरान 80 नामांकन पत्र रद्द कर दिए। इनमें भाजपा, आप और कांग्रेस के 28 डमी उम्मीदवारों के नामांकन पत्र शामिल हैं।
भाजपा ने उपचुनाव के लिए प्रचार अभियान किया शुरू
एमसीडी के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने प्रत्याशियों के चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी है। पार्टी ने बुधवार को सभी वार्डों में संगठनात्मक बैठकों के साथ चुनावी तैयारियों का शंखनाद किया। चांदनी चौक वार्ड में भाजपा प्रत्याशी सुमन कुमार गुप्ता के चुनाव कार्यालय के पूजन एवं लोकार्पण के साथ भाजपा ने अपने प्रचार अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि चांदनी चौक भाजपा की कर्मभूमि रही है जिसने शांति देसाई, जम्बू प्रसाद जैन, रामचंद्र अमर, बिशमभर दत्त शर्मा और वासुदेव कप्तान जैसे जनसेवक दिए हैं। भाजपा ने इस क्षेत्र में जनसेवा की लंबी परंपरा निभाई है और हम कर्मशील कार्यकर्ताओं के बल पर यह सीट फिर जीतेंगे। वहीं, सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा एक परिवार है और हर कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से पार्टी की जीत के लिए जुटा है। 30 नवंबर को भाजपा की विजय निश्चित है। इस अवसर पर चांदनी चौक जिला अध्यक्ष अरविंद गर्ग, प्रवीण शंकर कपूर, रोहित शर्मा, मनोज जिंदल, कमल बागड़ी, विकेश सेठी, कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
द्वारका-बी वार्ड में कांग्रेस का चुनाव कार्यालय शुरू
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने द्वारका-बी वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी सुमिता मलिक के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान यादव ने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का संकेत है कि सुमिता की जीत तय है। कांग्रेस महिलाओं को बराबर प्रतिनिधित्व देने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी सोच के तहत उपचुनाव में पांच महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा गया है।
यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि दिल्ली में बदलाव लाने के लिए हर कार्यकर्ता घर-घर जाकर कांग्रेस के पक्ष में मतदान कराने का संकल्प लें। नजफगढ़ के दोनों वार्ड द्वारका-बी और दिचाऊं कला में कांग्रेस की महिला उम्मीदवार मैदान में हैं और कांग्रेस का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है जहां हर बूथ पर पांच कार्यकर्ता मतदाताओं से लगातार संपर्क कर भाजपा और आप की नाकामियों को उजागर कर रहे हैं।