बंद पड़ी सीपी की मैकडोनल्ड्स की आउटलेट
- फोटो : अमर उजाला
मशहूर फास्ट फूड चेन मैकडोनल्ड्स के रेस्तरां बंद होने से शुक्रवार को ग्राहकों को काफी मायूसी हुई। जानकारी न होने से रेस्तरां तक पहुंचने के बाद उन्हें मजबूरन वापस लौटना पड़ा। लोगों का कहना था कि अब खाने के लिए दूसरा ठिकाना ढूंढना पड़ेगा। हालांकि इसकी गारंटी नहीं होगी कि मैकडोनल्ड्स जैसा स्वादिष्ट खाना मिल सके।
लाइसेंस की अवधि खत्म होने की वजह से बृहस्पतिवार को दिल्ली में 55 में से 43 मैकडोनल्ड्स रेस्तरां बंद कर दिए गए। इसके मूल में मैकडोनल्ड्स और उसके भारतीय साझेदार के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद था।
कनॉट प्लाजा रेस्तरां प्राइवेट लिमिटेड और मैकडोनल्ड्स के बीच भारत में रेस्तरां संचालन के लिए 50-50 फीसदी की साझेदारी है। दिल्ली के रेस्तरां को बंद करने का फैसला बोर्ड की बैठक के बाद लिया गया। इसकी सूचना मीडिया को स्काइप से दी गई थी।