नई दिल्ली। अटल बिहारी वाजपेयी आयुर्विज्ञान संस्थान और डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में सोमवार को एंटी रैगिंग सप्ताह के समापन पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एमबीबीएस की पढ़ाई करने वाले नए और पुराने सत्र के छात्र शामिल हुए। साथ ही उनके अभिभावकों ने भी हिस्सा लिया। छात्रों के बीच नारा लेखन, प्रश्नोत्तरी और पोस्टर बनाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। अस्पताल की एंटी रैगिंग कमेटी के चेयरमैन डॉ. दिनेश कुमार ने छात्रों को एंटी रैगिंग को लेकर जागरूक किया। साथ ही अभिभावक को बच्चों से नियमित बातचीत करने और उनमें विश्वास पैदा करने का अनुरोध किया। डीन प्रो. आरती मारिया और कमेटी सचिव डॉ. पूजा अरोड़ा ने छात्रों को रैगिंग क्या होती है और करने पर कार्रवाई के प्रावधान के बारे में बताया। इस मौके पर संस्थान के निदेशक डॉ. अशोक कुमार और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विवेक दीवान भी मौजूद रहे। ब्यूरो