द्वारका की एक पॉश सोसायटी में घर के अंदर एक एमबीए छात्रा की हत्या कर दी गई। छात्रा के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। मेडिकल रिपोर्ट में गला घोटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। द्वारका साउथ थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
मृतका की शिनाख्त स्वेता (29) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार, स्वेता अपने परिजनों के साथ सेक्टर-6 द्वारका स्थित कामाक्षी अपार्टमेंट में रहती थी।
परिवार में उसके पिता बलवान सिंह और मां है। भाई और भाभी कामकाजी हैं और वह अलग रहते हैं। स्वेता एमबीए करने के बाद प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उसके पिता एयरलाइंस के वरिष्ठ पद से रिटायर होकर निजी एयरलाइंस से जुड़े हैं।