एमबीए डिग्री होल्डर जालसाज सुधीर गुप्ता
पुलिस ने सरकारी नौकरी व ठेके दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एमबीए डिग्री होल्डर जालसाज सुधीर गुप्ता को दबोचा है। अलीगढ़ निवासी 36 वर्षीय सुधीर ने इसी सप्ताह दिल्ली में दो लोगों से ठगी की थी। इंपोर्ट व एक्सपोर्ट व्यवसायी रहे सुधीर का कहना है कि दक्षिण अफ्रीका की सरकार की नीतियों के कारण उसे व्यवसाय में करीब तीन करोड़ का घाटा हो गया था। नोटबंदी के कारण वहां उसका पैसा फंस गया था। इसके बाद वह ठगी करने लगा। पुलिस ने उसे सोमवार को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उबर कैब चालक ए-4, प्रताप विहार, विजय नगर, गाजियाबाद निवासी सत्यवीर सिंह ने शिकायत में कहा था कि सुधीर नाम के व्यक्ति ने ओबरॉय होटल से डिफेंस कॉलोनी के लिए कैब बुक कराई। वह सवारी लेने पहुंचा तो सुधीर होटल से निकल रहा था।
कैब में सुधीर किसी से फोन पर बात कर रहा था कि उसकी सरकार में बड़ी पहचान है। वह ड्राइवर व चपरासी की अच्छी तनख्वाह पर सरकारी नौकरी लगवा देगा। हालांकि सुधीर किसी से बात नहीं कर रहा था। सत्यवीर झांसे में आ गया। उसने पूछा तो सुधीर ने सत्यवीर की ड्राइवर की सरकारी नौकरी लगवाने की बात कही।
उसने सत्यवीर से करीब 80 हजार रुपये अपने बैंक खाते में ऑनलाइन जमा करा लिए। इसके बाद उसने सत्यवीर का फोन उठाना बंद कर दिया। वह इसी तरह दूसरे कैब चालक चालक सिकेश गुप्ता से 20 हजार रुपये से ज्यादा ठग चुका है। तुगलक रोड थानाध्यक्ष गोविंद चौहान की टीम ने सुधीर को ताज मानसिंह होटल के पास से रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया।
फरीदाबाद में रहता था, गुरुग्राम से भगोड़ा घोषित
सुधीर फिलहाल फरीदाबाद में रह रहा था। उसने कुतुब औद्योगिक क्षेत्र स्थित आईआईपीएम से एमबीए किया था। वह हार्डवेयर का सामान दक्षिण अफ्रीका भेजता था। उसने मुंबई के एक बिल्डर से नोएडा में ठेका दिलाने के नाम पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये ठग लिए थे। सुधीर चेक बाउंस के मामले में गुरुग्राम की कोर्ट से भगोड़ा घोषित है।