शालीमार बाग स्थित मैक्स अस्पताल का लाइसेंस रद्द होने के बाद मंगलवार को एलजी दरबार में प्रबंधन की सुनवाई होने वाली है। बताया जा रहा है कि दिल्ली सरकार के फैसले को लेकर पुनर्विचार अपील एलजी अनिल बैजल से की गई थी।
इस पर चर्चा के लिए एलजी ने प्रबंधन के प्रतिनिधिमंडल को बुलाया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक एलजी की ओर से कोई जवाब इस मुद्दे पर नहीं आया है। यही वजह है कि अस्पताल प्रबंधन कोर्ट से पहले एलजी के पास फैसले को लेकर पहुंचा है।
अगर यहां भी निराशा मिलती है तो मैक्स अस्पताल फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दे सकता है। बहरहाल, मैक्स प्रबंधन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि मंगलवार दोपहर को बैठक के बाद अग्रिम विचार किया जाएगा।