स्पेशल सेल/एनडीआर के पुलिस उपायुक्त प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुखर्जी नगर में रहने वाले व्यवसायी कोचिंग सेंटर को इलेक्ट्रॉनिक सामान सप्लाई करते हैं। इन व्यवसायी को गत 15 जून को एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी। फोन करने वाले ने 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। कॉलर ने खुद को हरि बॉक्सर बताया और धमकी दी कि अगर एक हफ्ते के भीतर पैसे नहीं दिए तो वह पीड़ित और उसके बच्चों को मार डालेगा। हरि बॉक्सर ने पैसे ऐंठने के लिए कई इंटरनेशनल नंबरों का इस्तेमाल किया था। उसने पीड़ित के ऑफिस का वीडियो शेयर किया और उसे बम से उड़ाने की धमकी दी थी।
आरोपी बीटेक डिग्री होल्डर है
अमित बिश्नोई फरीदाबाद से बीटेक ग्रेजुएट है। उसने दिल्ली के मुखर्जी नगर में यूपीएससी और एसएससी परीक्षाओं की तैयारी की थी। साल 2018 से वह मुखर्जी नगर में अलग-अलग कोचिंग सेंटरों में मैथ्स टीचर के तौर पर पढ़ा रहा था। इसी साल हरियाणा में एक कॉमन दोस्त के जरिए उसकी लॉरेंस बिश्नोई से जान-पहचान हुई थी। बाद में उसने हरि बॉक्सर से संपर्क किया, जिसने उसे पीड़ित के परिवार और बिजनेस की जानकारी इकट्ठा करके उसके साथ शेयर करने का काम सौंपा था।