त्योहार से पहले ही जारी हुआ था परामर्श, फिर भी न मिली राहत
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रक्षाबंधन के मौके पर शुक्रवार को दिल्ली में लोगों की आवाजाही बढ़ने से कई प्रमुख मार्गों पर भारी यातायात जाम देखने को मिला। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, एमबी रोड, कालिंदी कुंज, प्रगति मैदान और अक्षरधाम समेत कई इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। साथ ही दिल्ली मेट्रो में भी यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। जाम के चलते लोग घंटों लाइनों में फंसे रहे।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर जाम कई घंटों तक लगा रहा और गाड़ियां रेंगती नजर आईं। छतरपुर क्षेत्र में एमबी रोड पर भी गाड़ियों की लंबी कतारें लगी हुईं थी। लाडो सराय ओल्ड एमबी रोड यातायात सिग्नल पर भी जाम देखा गया। कालिंदी कुंज पर यातायात जाम रहा।
प्रगति मैदान और अक्षरधाम खंड के आसपास भी यातायात जाम देखा गया, जबकि त्योहार से पहले आवाजाही बढ़ने के बीच गीता कॉलोनी रोड के पास दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग पर गाड़ियों के धीमी गति से चलने की सूचना मिली। दिल्ली यातायात पुलिस ने रक्षाबंधन के मद्देनजर 27 और 28 अगस्त को परामर्श जारी किया था जिसमें आनंद विहार आईएसबीटी, रोड नंबर 56, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-9) और विकास मार्ग के आसपास पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही बढ़ने की चेतावनी दी गई। यातायात पुलिस की ओर से यात्रियों को सलाह दी गई थी कि संभव हो तो इन हिस्सों से बचें और अपनी घर से गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त वक्त लेकर निकलें। सड़क पर यातायात बढ़ने के साथ-साथ दिल्ली मेट्रो में भी भीड़ बढ़ गई, कई स्टेशनों और ट्रेन में यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई।
000000000000000000
रक्षाबंधन पर पूर्वी दिल्ली में भारी जाम, घंटों सड़कों पर फंसे रहे लोग
पूर्वी दिल्ली। रक्षाबंधन के मौके पर शुक्रवार को पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में भारी जाम की स्थिति बनी रही। सुबह से ही प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने में कई-कई घंटे लग गए।
दुर्गापुरी, शास्त्री पार्क, शाहदरा, आनंद विहार, भजनपुरा, खजूरी और सोनिया विहार समेत कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहा। दुर्गापुरी से सोनिया विहार तक वाहनों का इतना दबाव रहा कि पूरा दिन जाम की स्थिति बनी। आनंद विहार एंट्री प्वाइंट और खजूरी चौराहे पर तो हालात इतने खराब हो गए कि चालकों को रेंग-रेंग कर सफर तय करना पड़ा।
जाम के कारण रिक्शा और ऑटो उपलब्ध नहीं थे, और जो मिले उनके चालक सामान्य से कई गुना अधिक किराया मांग रहे थे। कई लोगों ने मेट्रो का रुख किया, लेकिन वहां भी भारी भीड़ रही। यमुना विहार निवासी राजन ने बताया कि खजूरी पहुंचने में एक घंटे से ज्यादा लग गए। सोनिया विहार निवासी दीपेश ने कहा कि भजनपुरा जाने के लिए उन्हें पैदल चलना पड़ा। कई लोग राखी बांधने के निर्धारित मुहूर्त तक नहीं पहुंच सके। ब्यूरो
-
ट्रैफिक पुलिस ने बांधी राखी, दिलाया नियमों का संकल्प
नई दिल्ली। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रक्षाबंधन पर विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया। इस दौरान जिम्मेदार वाहन चालकों को राखी बांधी गई। उनसे यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया गया। राखी का वादा, सुरक्षा का इरादा पहल का उद्देश्य राजधानी में यातायात अनुशासन बढ़ाना था। महिला पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा के प्रतीक के तौर पर राखियां बांधीं। वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, लेन अनुशासन और मोबाइल फोन का उपयोग न करने की सलाह दी गई। नशे में वाहन न चलाने और पैदल यात्रियों का सम्मान करने पर भी जोर दिया गया। ब्यूरो
-
-भाई के लिए राखी और मिठाई लेने सदर बाजार आई हूं। हर रक्षाबंधन पर यहां आती हूं और हर बार जाम ही मिलता है। संबंधित विभागों को समाधान करना चाहिए ।- चारु चौधरी, करोलबाग
-अपने भाई के लिए गिफ्ट खरीदने चांदनी चौक जाने में रास्ते में काफी समय लग गया। बाजार में भीड़ की वजह से पहुंचना काफी मुश्किल हो गया।- हिमांगी, हौज काजी
-बहन सुबह से राखी बांधने का इंतजार कर रही थी लेकिन विकास मार्ग में जाम के कारण पहुंचने में देर हो जाएगी। - शिवेक, दिलशाद गार्डन
-राखी के लिए बहन दूसरे शहर से आई है। उसके साथ समय बिताना चाहता हूं। लेकिन बाजार से सामान लेने और वापस घर पहुंचने में काफी समय लग गया।
- अनमोल, कृष्णा नगर