बारिश ने एक बार फिर से शहर की व्यस्त सड़कों पर वाहनों की रफ्तार को थाम दिया। बृहस्पतिवार सुबह आई झमाझम बारिश से सड़कें डूब गईं। जलभराव में कई जगह वाहन फंस गए। दिल्ली-नोएडा लिंक रोड से लेकर एनएच-24 तक लोग जाम से बेहाल रहे।
हालांकि, तेज बारिश का सिलसिला सुबह करीब सवा सात बजे शुरू हुआ लेकिन इसकी वजह से दिनभर ट्रैफिक का मिजाज बिगड़ा रहा। लोग घर से दफ्तर जाने के लिए निकले तो सड़कों वाहनों का भारी दबाव होने से जाम की समस्या दोपहर करीब 1 बजे तक बनी रही। हर बार की तरह लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली-नोएडा लिंक रोड पर झेलनी पड़ी।
डीएनडी फ्लाईओवर के लूप पर भरे पानी को चार बड़े-बड़े पंपिंग सेट से निकाला गया, लेकिन फिल्म सिटी फ्लाईओवर के लूप पर जलभराव से निपटने की कोई तैयारी नहीं की गई थी। इसका खामियाजा हजारों लोगों को भुगतना पड़ा। ग्रेटर नोएडा की तरफ से डीएनडी के जरिये दिल्ली की ओर जाने वाले कई वाहन जलभराव में फंसकर बंद हो गए। क्रेनों के जरिये वाहनों को निकाला गया।