बिजली उत्पादन कम होने की वजह से अब देश की राजधानी में भी असर दिखना शुरू हो गया है। बिजली की कमी की वजह से 100 से 150 मेगावाट बिजली की कटौती हो रही है। इससे कई इलाकों में एक बार फिर बिजली कटौती शुरू हो गई है।
ऊर्जा विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली स्थित बदरपुर थर्मल पावर कॉर्पोरेशन की तीन यूनिट बंद पड़ी हैं, जिसमें दो यूनिट कोयले की वजह से और एक तकनीकी कारणों से बंद पड़ी है। उत्पादन नहीं होने से दिल्ली को इस प्लांट से 295 मेगावट बिजली कम मिल रही है। दादरी प्लांट से दिल्ली को 350 मेगावाट बिजली कम मिल रही है।
मैथोन पावर प्लांट में कोयले की कमी वजह बिजली उत्पादन पर असर पड़ रहा है। इसकी वजह से इस प्लांट से दिल्ली को 130 मेगावट कम बिजली मिल रही है। रिहंद पावर प्लांट से दिल्ली को 60 और सिंगरौली पावर प्लांट से दिल्ली को 16 मेगावाट कम बिजली मिल रही है।
बिजली की कमी की वजह से 100 से 150 मेगावाट बिजली की कटौती हो रही है। बिजली कटौती का सबसे ज्यादा असर दक्षिण-पूर्वी, पूर्वी, पश्चिमी और बाहरी दिल्ली में हो रहा है। उन इलाकों में बिजली कटौती ज्यादा हो रही है जो अनधिकृत इलाके हैं। सोमवार को दिल्ली में बिजली की अधिकतम मांग 5415 मेगावाट रिकॉर्ड की गई।