दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने शुक्रवार को शहीद जवानों की पत्नियों के लिए सस्ते फ्लैट की घोषणा करते हुए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। रोहिणी और नरेला इलाके में डीडीए महज सात लाख रुपये की कीमत में वन बेडरूम फ्लैट उपलब्ध कराएगी। हालांकि इन छोटे फ्लैट की संख्या करीब एक हजार होने के कारण इस योजना को पहले आओ पहले पाओ से जोड़ा गया है।
डीडीए के एक अधिकारी ने बताया कि युद्ध में शहीद जवानों की पत्नी के अलावा वीरता पुरस्कार पाने वाले, युद्ध में घायल होने वाले, अर्धसैनिक बलों के जवान भी इन फ्लैट के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में आवेदक को अपने सैन्य या अर्धसैनिक बल से जुड़े होने के साक्ष्य भी देने पड़ सकते हैं।
डीडीए के अनुसार एक बेडरूम वाला फ्लैट सिर्फ सात लाख रुपये में आवंटित किया जाएगा और कंवर्जन चार्ज के रूप में 20,080 रुपये अलग से लिए जाएंगे। ये फ्लैट रोहिणी के सेक्टर-34, 35 और नरेला के सेक्टर जी 2 और जी 8 में स्थित हैं। फ्लैट का क्षेत्रफल 33.2 वर्गमीटर से लेकर 33.8 वर्गमीटर तक है। डीडीए का कहना है कि अगर कोई आवेदन से पहले फ्लैट की जांच करना चाहे तो वह ऐसा कर सकता है।
इसके लिए डीडीए ने दोनों इलाकों में एक एक अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी को तैनात किया है। इतना ही नहीं आवेदक को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी लाभ मिल सकता है।
बताया जा रहा है कि वन बेडरूम फ्लैट की अनुमानित कीमत इस समय करीब 15 लाख रुपये के आसपास है जिस पर छूट देने के बाद डीडीए की ओर से कीमत 14 लाख रुपये रखी गई। लेकिन प्राधिकरण ने इन्हें लगभग आधी कीमत पर उपलब्ध करा रहा है।