नौ जून को गोविंदपुरम आई-591 निवासी सौरभ राणा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप लगाया कि योगिता सिंह सेंगर निवासी न्यू अशोक नगर दिल्ली उनके घर पर आई और उनकी पत्नी सरिता राणा का पेपर कटिंग से गला रेत दिया। घायल अवस्था में सरिता को दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को उनकी मौत हो गई।
एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि योगिता शादीशुदा है और उसका अपने पति विवाद चल रहा है। सरिता के भाई यश से योगिता का प्रेम-प्रसंग हो गया। यश कुछ दिन से महिला से कोई संबंध नहीं रखना चाहता था। उसने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया था। इसी के चलते योगिता सरिता से यश का नंबर मांग रही थी। उसने नंबर देने से इनकार कर दिया तो वह उनके घर पहुंच गई।
इस दौरान सरिता ने न तो नंबर दिया और न ही उसकी मुलाकात कराने को हामी भरी। दोनों में इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी बात से नाराज योगिता ने सरिता के गले पर पेपर कटर से वार किया और फरार हो गई। महिला को पड़ोसियों ने लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया था।
पैरा मेडिकल स्टाफ का प्रशिक्षण ले चुकी है आरोपी
पूछताछ में आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि वह मेरठ मेडिकल कालेज में पैरा मेडिकल स्टाफ में काम कर चुकी है। शरीर पर कहां वार करने से मौत हो सकती है, इसकी जानकारी उसको वहीं हुई थी। वहीं, पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पेपर कटर बरामद कर लिया है।
आरोपी महिला योगिता को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही जानलेवा हमले में दर्ज मुकदमे को हत्या में तरमीम कर जांच शुरू कर दी है। -अभिषेक श्रीवास्तव, एसीपी कविनगर