भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को अल्पसंख्यक समाज से जुड़े कई लोगों को पार्टी में शामिल किया गया। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली सरकार का कार्यकाल अब महज 10 हफ्ते ही शेष है।
इस बात को सीएम केजरीवाल भी स्वीकार कर चुके हैं। दिल्ली की जनता को पता है कि सीएम की घोषणाओं को अमली जामा नहीं पहनाया जा सकता, क्योंकि उनका कार्यकाल लगभग समाप्त होने को है।
इससे पहले किसान मोर्चा प्रभारी अशोक ठाकुर के नेतृत्व में बाबरपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता मोहम्मद परवेज आलम, मोहम्मद अशरफ, मोहम्मद सुशील नॉम, मोहम्मद कयूम, मोहम्मद मुशीर आलम, मोहम्मद अकील और आप के बाबरपुर से मुस्लिम नेता मोहम्मद इस्लाम ठेकेदार, मोहम्मद फुरकान कुरैशी आदि भाजपा में शामिल हुए।
मनोज तिवारी ने कहा कि वर्ष 2014 में मोदी सरकार आई तो देश ही नहीं, विदेशों में भी नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश की गई। हमने सकारात्मकता के साथ 2014 में सबका साथ सबका विकास किया।
इसी का परिणाम है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद हम सबका विश्वास जीतने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही ईसाई पादरियों का समूह भाजपा में शामिल हुआ है।