50 फीसदी से अधिक झुलसा
अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि दानिश 50 फीसदी से अधिक झुलस गया है। दूसरी ओर करंट लगने के बाद हुए धमाके से घर के बिजली उपकरण और तार जल गए। बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने घर का मुआएना कराने के बाद उसे खाली करवा लिया है। मामले की छानबीन जारी है।
दानिश करता है बिजली का काम
पुलिस के मुताबिक दानिश अपने परिवार के साथ गली नंबर-3, संगम विहार, वजीराबाद में रहता है। इसके परिवार में पत्नी रोजी के अलावा एक बच्चा है। दानिश बिजली का काम करता है। शनिवार को 15 अगस्त के मौके पर दानिश अपने मकान की पहली मंजिल स्थित छत पर चढ़कर पतंग उड़ा रहा था।
हाईटेंशन तार से टकराई दानिश की पतंग
इस बीच उसकी पतंग की डोर घर के सामने से गुजर रहे हाईटेंशन तारों से टकराई और दानिश को जोरदार करंट लग गया। करंट लगते हुए हुए धमाके के कारण दानिश का संतुलन भी बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है। दानिश की पत्नी ने बताया कि कुछ ही दिनों पूर्व वह यहां किराए के मकान में शिफ्ट हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।