दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उप मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि जब से अरविंद केजरीवाल ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है, तब से यूपी के मंत्री बौखलाए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पहले तो यूपी के मंत्रियों ने गुस्से में आकर हमें बहस की चुनौती दी। जब मैंने बहस की चुनौती स्वीकार कर बहस के लिए समय मांगा, तो उन्होंने समय नहीं दिया। लेकिन फोटोशॉप करके साल 2016 की खबर को आज की खबर दिखा झूठा ट्वीट कर दिया।
सिसोदिया ने कहा कि यूपी के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने लेटेस्ट खबर बता कर ट्वीट पर झूठी खबर डाली, लेकिन गूगन ने मंत्री के झूठ की पोल खोलकर रख दी। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार सच्चाई और ईमानदारी पर आधारित है, यहां झूठ, फरेब और फोटोशॉप नहीं चल पाएगा।
सिसोदिया ने कहा कि योगी जी, अपने मंत्रियों को समझा लीजिए। केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस को चुनौती देना इतना आसान नहीं है। अब मुकाबला योगी मॉडल और केजरीवाल मॉडल ऑफ एजुकेशन का है। आपके मंत्री ने बहस की चुनौती दी थी, मैं 22 तारीख को लखनऊ आ रहा हूं। उनसे कह देना अब पीछे न हटें।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला साल है और योगी सरकार को भी चार साल हो गए हैं। आपका राज्य और बजट दोनों दिल्ली के मुकाबले काफी बड़े हैं। अब अपने मंत्रियों से कहें कि आपने चार साल में जो भी काम किए हैं उन कामों के आधार पर हमसे चर्चा करें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मनीष सिसोदिया ने यूपी के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह द्वारा किए गए ट्वीट को गलत बताया और उसके लिए खिलाफ सभी सबूत दिखाए।
योगी सरकार के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने गुरुवार को कुछ खबरों को ट्वीट करते हुए लिखा था कि मनीष सिसोदिया जी, डिबेट का निमंत्रण देने से पहले आप अपने सकूलों की हालत तो ठीक कर लें। जबकि ये तो केजरीवाल सरकार का दूसरा टर्म है।