चुनावी आचार संहिता खत्म होने के बाद मानेसर तक मेट्रो की कवायद फिर से शुरू होगी।
इसके लिए प्लेटफार्म तैयार हो गया है। बताया जा रहा है कि इसकी डीपीआर भी तकरीबन तैयार है। मानेसर के उद्यमियों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने आचार संहिता खत्म होने के बाद इस दिशा में काम शुरू होने का आश्वासन दिया है।
आईएमटी मानेसर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के महासचिव मनोज त्यागी ने बताया कि कुछ दिनों पहले उद्यमियों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिला था।
इस दौरान उन्होंने मानेसर तक मेट्रो लाने का आश्वासन दिया। त्यागी ने बताया कि उन्होंने डीपीआर के तकरीबन तैयार होने की भी बात कही थी।
उल्लेखनीय है कि मानेसर में चार लाख से भी अधिक लोग यहां के सैकड़ों औद्योगिक यूनिटों में काम करते हैं। वे एनसीआर के सभी शहरों से आते हैं। इसे देखते हुए यहां मेट्रो की काफी दरकार है।
एनसीआर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष एचपी यादव भी पिछले काफी समय से मानेसर तक मेट्रो के विस्तार की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यहां तक मेट्रो की पहुंच काफी जरूरी है।