वसंत कुंज इलाके में मामूली कहासुनी के बाद युवक पर गोली चलाने वाले युवक को स्पेशल सेल की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय मेहरा उर्फ संजय मेहलावत (35) के रूप में हुई है। संजय बिग बॉस-11 के ऑडिशन में हिस्सा ले चुका है। दिल्ली पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस संजय मेहरा से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। वारदात के बाद वह नेपाल से दुबई भाग गया था। उसने लंदन से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई भी की हुई है।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा के मुताबिक दीपावली वाले दिन 27 अक्तूबर को किशनगढ़ इलाके में संजय मेहरा ने अपने साथियों आदित्य और हरिया (दोनों संगम विहार निवासी) के साथ मिलकर ईशांत मेहलावत नामक युवक को पीट दिया था। झगड़े के दौरान ईशांत के कजिन प्रवेश मेहलावत ने बीच-बचाव कराया था। इस बात से संजय खफा हो गया था। उसने अपने दोस्त आदित्य व हरिया के साथ मिलकर प्रवेश मेहलावत से बदला लेने की योजना बनाई। 31 अक्तूबर को संजय मेहरा अपने दोस्तों के साथ किशनगढ़ पहुंचा। प्रवेश अपने भाई प्रशांत के साथ जिम से लौट रहा था। इसी दौरान संजय ने प्रवेश पर तीन राउंड गोलियां चला दीं। इनमें से दो गोलियां प्रवेश को लगीं। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
वसंत कुंज थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी संजय दुबई भाग गया। पुलिस ने संजय की गिरफ्तारी पर 50 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया। स्थानीय पुलिस के अलावा स्पेशल सेल ने भी मामले की छानबीन शुरू कर दी। इस बीच शुक्रवार को टीम को सूचना मिली कि आरोपी अपने किसी साथी से मिलने डीपीएस स्कूल, वसंत कुंज के पास आने वाला है। इस सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।