जानकारी के मुताबिक 26 साल का देवेंद्र फूल और माला बनाकर बेचने का काम करता था। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस को बाबू जगजीवन राम अस्पताल से एक युवक को चाकू मारे जाने के बाद भर्ती कराए जाने की जानकारी मिली। वहां पुलिस को पता चला कि घायल देवेंद्र को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है।
अस्पताल में मौजूद उसके परिवार वालों ने बताया कि घटना लोअर जीटीके रोड स्थित एंट्री गेट पिकेट के पास हुई है। वहां देवेंद्र और उसके चार दोस्त पवन, विकास, अविनाश और रोहित बातचीत कर रहे थे। देवेंद्र का विकास के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान उनके बीच हाथापाई होने लगी। विकास के कहने पर उसके दोस्त पवन ने देवेंद्र के पेट में चाकू घोंप दिया। चाकू लगते ही वह वहीं गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने घायल देवेंद्र को बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करने के बाद हमलावरों की तलाश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। पुलिस टीम ने रात में ही आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस ने घटना के छह घंटे बाद तीन आरोपियों खड्डा कॉलोनी निवासी रोहित, स्वरूप नगर निवासी अविनाश और जेजे कॉलोनी निवासी पवन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पवन के कब्जे से खून से सना चाकू, कपड़े और अन्य साक्ष्य जब्त किए। आरोपियों ने बताया कि बातचीत के दौरान मृतक ने विकास को अपशब्द कह दिया था। इस कारण उन लोगों ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपी दिहाड़ी मजदूर हैं। विकास पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।