अदालत ने 60 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया, पल्ला थाना में 31 अगस्त 2020 को दर्ज हुई थी एफआईआर
मां को रकम देने से किया मना
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पल्ला थाना इलाके में नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म के दोषी शेर सिंह को जिला अदालत ने 20 साल कैद की सजा दी है। पुख्ता सबूतों व गवाहों के आधार पर आरोपी शेर सिंह को दोषी करार देते हुए बुधवार को जिला अदालत ने फैसला सुनाया। अदालत ने दोषी पर 60 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है। इसके साथ ही पीड़िता को एक लाख रुपये मुआवजा राशि के भी अदालत ने आदेश दिए हैं।
आदेश में अदालत ने यह स्पष्ट किया है कि ये रकम लड़की के नाम बैंक में एफडी के तौर पर जमा कराई जाए, जिसे वो बालिग होने पर पा सकेगी। आदेश में साफ तौर पर कहा गया कि लड़की की मां को न दी जाए क्योंकि वो बयान से मुकर गई।
पल्ला थाना में ये एफआईआर 31 अगस्त 2020 को पोक्सो एक्ट की धारा 6, मारपीट व मारने की धमकी देने की धाराओं में दर्ज हुई थी। महिला ने पुलिस को बयान दिया है कि उनकी 9 साल की बच्ची घर आई तो कपड़ों पर खून लगा था। बच्ची को डॉक्टर के पास ले गए तो बताया कि दुष्कर्म हुआ है। बच्ची ने बताया कि पास के इलाके में रहने वाले ऑटो चालक शेर सिंह ने उसके साथ गलत काम किया। बच्ची के माता-पिता आरोपी के घर गए और विरोध जताया तो उनके साथ मारपीट करते हुए मारने की धमकी दी गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक शेर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा। आरोपी के खिलाफ चालान तैयार कर अदालत में पेश किया गया। अब पुख्ता सबूतों व गवाहों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए सजा पर फैसला सुनाया है।