महिपालपुर में 21 नवंबर को बस में युवती के साथ हुई अश्लील हरकत को लोग भूले भी नहीं थे कि फिर इसी तरह का मामला सामने आया है। दिल्ली कैंट इलाके में चलती बस में 45 साल का शख्स 22 साल की युवती से छेड़छाड़ करने लगा। युवती इसे काफी देर तक नजरअंदाज करती रही। हद तो तब हुई, जब आरोपी ने अश्लील हरकत की।
इस पर युवती ने शोर मचा दिया। बस में मौजूद यात्रियों ने आरोपी को पकड़कर पीटा। बाद में धौलाकुआं पर बस रुकवाकर किशनदत्त पांडेय (45) को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, परिवार के साथ वसंत कुंज में रहने वाली 22 वर्षीय युवती पूर्वी दिल्ली में एक वेब कंपनी में नौकरी करती है। बृहस्पतिवार शाम वह घर आने के लिए डीटीसी की रूट नंबर-543 की बस में सवार हुई। वह बस में साइड वाली सीट पर बैठ गई। बस में काफी यात्री थे। इसी दौरान आरोपी भी बस में सवार हुआ। बस पूर्वी दिल्ली से निकलते ही उसने युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी।